गोण्डा - उत्तर प्रदेश सरकार के 35 करोड़ वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत गुरुवार को बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, इकाई मैजापुर में वर्ष 2026-27 के लिए 13,200 पौधों के वृक्षारोपण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक शुक्ला (आईपीएस) ने क्षेत्राधिकारी गोण्डा ददिबल तिवारी तथा प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार मनोज पाठक के साथ आम, पीपल, सागौन, पाकड़, जामुन, अमरूद, कदम्ब, अर्जुन और यूकेलिप्टिस सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर किया।इस अवसर पर डीआईजी अशोक शुक्ला ने मैजापुर चीनी मिल द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे 13,200 पौधों के रोपण की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संचालित 35 करोड़ वृक्षारोपण अभियान प्रदेश को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने सभी से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक संदीप अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की।इस अवसर पर महाप्रबंधक मुकेश कुमार झुनझुनवाला, पी.के. प्रभात, संतोष कुमार सिंह, संजय मिश्रा, सौरभ गुप्ता, बालेन्द्र सिंह, भानूप्रताप सिंह सहित चीनी मिल के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजता रहा और हरित भविष्य के संकल्प के साथ वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ हुआ।
No comments:
Post a Comment