Jun 27, 2026

रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दंपती पर लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमले का आरोप; पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

 रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दंपती पर लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमले का आरोप; पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

गोण्डा। थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम सेमरा, मौजा बरांव में रास्ते के विवाद को लेकर एक बार फिर तनाव का मामला सामने आया है। गांव निवासी जमशेद पुत्र ईदू ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि दबंगों ने न केवल उसके घर आने-जाने का रास्ता कब्जाने की कोशिश की, बल्कि विरोध करने पर उसे और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी और रास्ता खुलवाने की मांग की है।पीड़ित के अनुसार, उसके घर तक पहुंचने के लिए केवल एक ही सार्वजनिक रास्ता है, जिस पर वर्ष 2012 में क्षेत्र पंचायत द्वारा खड़ंजा सडक़ का निर्माण कराया गया था। इसी रास्ते से उसका परिवार वर्षों से आवागमन करता आ रहा है। आरोप है कि गांव के दबंग ताज मोहम्मद, शाह मोहम्मद, अतीक, शफी और करामत अली सहित अन्य लोग लंबे समय से रास्ते पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी देते थे। इस संबंध में उसने 19 मई 2026 को भी थाना कटरा बाजार में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, 22 जून 2026 को आरोपितों ने रास्ते पर ईंट, बालू और अन्य निर्माण सामग्री रख दी। इसके बाद 23 जून की सुबह करीब 7 बजे मिस्त्री और मजदूर बुलाकर सरकारी खड़ंजा उखाड़ते हुए नींव खोदने लगे। जब जमशेद और उसकी पत्नी ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि सभी आरोपितों ने लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित का कहना है कि वह मौके पर ही बेहोश हो गया। शोर सुनकर पहुंची उसकी बहू के साथ भी दबंगो द्वारा मारपीट की गई। पीड़ित की बहू द्वारा डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोप है कि घटना के बाद भी स्थानीय पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने अपने प्रार्थना-पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि हमले के बाद आरोपियों ने रास्ते पर निर्माण कर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे उसके परिवार का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। उसका कहना है कि घटना के प्रत्यक्षदर्शी गांव के कई लोग हैं, लेकिन आरोपियों के दबंग प्रभाव के कारण कोई भी खुलकर गवाही देने को तैयार नहीं है। इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि 26 जून 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी उसके घर पहुंचे, और गाली-गलौज की और मुकदमा दर्ज कराने पर पूरे परिवार की हत्या कर घर पर कब्जा करने की धमकी दी।पीड़ित जमशेद ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी, रास्ते से अवैध कब्जा हटवाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। कटरा पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है आगे की कार्रवाई की जा रही है

No comments: