Jun 27, 2026

नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के तहत गोण्डा में स्थापित होगा बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर, 4 जुलाई तक मांगे आवेदन








गोण्डा - प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद गोण्डा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग (NMNF) के अंतर्गत एक बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर (BRC) की स्थापना की जाएगी। इसके लिए इच्छुक एफपीओ, उद्यमी एवं संस्थाओं से 4 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।


उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार स्थापित होने वाला बीआरसी प्राकृतिक खेती के लिए आवश्यक जैविक मिश्रण जैसे घनजीवामृत, जीवामृत, बीजामृत, दशपर्णी आदि के स्थानीय उत्पादन एवं उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। इससे प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को गुणवत्तापूर्ण जैविक इनपुट आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।


उन्होंने बताया कि चयनित बीआरसी संचालक को जैविक मिश्रणों के निर्माण एवं भंडारण के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं, जैसे स्टोरेज टैंक, रेफ्रिजरेटर, गोमूत्र संग्रहण व्यवस्था, किण्वन कक्ष तथा सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था स्वयं विकसित करनी होगी। आवेदन करने वाले उद्यमी, समूह या संस्था के पास प्राकृतिक खेती का अनुभव होना चाहिए अथवा उसके सदस्य प्राकृतिक खेती का अभ्यास कर रहे हों।
बीआरसी केवल जैविक इनपुट तैयार ही नहीं करेगा, बल्कि प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों एवं क्लस्टरों को इनके उपयोग की विधि एवं तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएगा।


उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी एफपीओ, उद्यमियों एवं इच्छुक संस्थाओं से अपील की है कि निर्धारित पात्रता के अनुसार अपना आवेदन उप कृषि निदेशक कार्यालय, गोण्डा में 4 जुलाई 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में अवश्य प्रस्तुत करें, ताकि उनका चयन बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर के रूप में किया जा सके।

No comments: