करनैलगंज /गोण्डा- कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार को रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। पुलिस व सोशल मीडिया के काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान जीवनलाल पुत्र जटाशंकर शुक्ला निवासी अतरौलिया रामगढ़, कर्नलगंज के रूप में हुई है। शव जहांगीरवा रेलवे क्रॉसिंग से करीब दो किलोमीटर दूर जरवल की ओर जाने वाली रेल पटरी पर पड़ा मिला था। रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक पर लाश पड़े होने की जानकारी कर्नलगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई कर शव को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज भिजवाया गया। वहां से पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। मृतक की उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है। शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। यह हादसा है, आत्महत्या या हत्या, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।
सोशल मीडिया से मिली पहचान
शुरुआत में शिनाख्त न होने पर पुलिस ने आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली और सोशल मीडिया पर मृतक का फोटो जारी किया था। इसके बाद शव की पहचान जीवनलाल शुक्ला निविसी अतरौलिया रामगढ़, कर्नलगंज के रूप में हुई।
परिजनों में मचा कोहराम
शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। घर में कोहराम मचा है।
कर्नलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक की पहचान कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। सभी संभावित बिंदुओं पर जांच जारी है।
No comments:
Post a Comment