मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान दिए थे निर्देश
गोण्डा - उत्तर प्रदेश सेतु निगम के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह ने निर्माणाधीन एवं नव निर्मित सेतु परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रबंध निदेशक ने परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेतु का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता मानकों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का पालन करते हुए कराया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बहराइच में नव निर्मित रेल उपरिगामी सेतु, समपार संख्या-40ए का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेतु पर शेष फिनिशिंग कार्यों को तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। प्रबंध निदेशक ने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की समय-समय पर अधिकृत संस्थानों से थर्ड पार्टी टेस्टिंग कराई जाए। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण, सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा निर्धारित समयावधि में परियोजनाओं को पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान परियोजनाओं की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान परियोजना प्रबंधक सुघर सिंह भी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment