गोण्डा - बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग, गोण्डा द्वारा चेतना पार्क, सिविल लाइन में आयोजित सप्ताहव्यापी योग कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद एवं अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार ने कहा कि योग तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन जीने की कला सिखाता है तथा वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता और भी अधिक बढ़ गई है।
कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक श अंजनी दूबे द्वारा विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वास्थ्य के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
सप्ताहव्यापी योगाभ्यास कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ एससीपीएम कॉलेज ऑफ आयुर्वेद, हारीपुर गोण्डा के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की। इसके अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं युवाओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न स्थानों पर योग जागरूकता कार्यक्रम, सामूहिक योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा सके।
No comments:
Post a Comment