गोण्डा - उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने शिक्षित बेरोजगार महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से निःशुल्क स्वचालित आधुनिक दोना-पत्तल मेकिंग मशीन उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है। योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, फोटोग्राफ, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) अपलोड करना आवश्यक होगा।
उन्होंने जनपद के जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक स्वरोजगार में रुचि रखने वाले कारीगरों एवं बेरोजगार युवाओं का आवेदन 10 जून 2026 तक कराना सुनिश्चित करें। योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में से पात्र अभ्यर्थियों का चयन मुख्यालय लखनऊ द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजा मोहल्ला, उतरौला रोड, गोंडा में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
No comments:
Post a Comment