Apr 30, 2026

गैस एजेंसी बनी अखाड़ा, एजेंसी मालिक और कुंवर कमलेन मोहन व समर्थकों के बीच जमकर मारपीट

परसपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत चरसड़ी के सावित्री गैस एजेंसी का बताया जा रहा पूरा मामला

 पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह "लल्ला भैया" के सुपुत्र हैं कुंवर कमलेन मोहन

गोण्डा - जनपद के परसपुर क्षेत्र में गैस वितरण को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सावित्री भारत गैस एजेंसी परिसर ही रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। चरसड़ी स्थित एजेंसी पर मालिक आशु सिंह और कर्नलगंज के पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह “लल्ला भैया” के पुत्र कुंवर कमलेन मोहन के बीच तीखी नोकझोंक के बाद लात-घूंसे चलने लगे।
सावित्री भारत गैस एजेंसी के मालिक आशु सिंह और कुंवर कमलेन मोहन व उनके समर्थकों के बीच हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पूरा मामला परसपुर थाना क्षेत्र के चरसड़ी स्थित सावित्री भारत गैस एजेंसी का है। मिली जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में लंबे समय से गैस वितरण को लेकर उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को लेकर जब कुंवर कमलेन मोहन अपने समर्थकों के साथ गैस एजेंसी पहुंचे और मालिक आशु सिंह से गैस न मिलने का कारण पूछा, तो बात बिगड़ गई। 

विवाद की मुख्य वजह:

कुंवर कमलेन मोहन ने जब आशु सिंह से गैस की किल्लत और अनियमितताओं पर सवाल किया, तो आरोप है कि आशु सिंह ने तीखे लहजे में जवाब दिया।

एजेंसी मालिक आशु सिंह ने कमलेन मोहन से कथित तौर पर कहा कि— "मैं आपको जवाब देना उचित नहीं समझता।"

बस इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई और फिर देखते ही देखते समर्थकों और एजेंसी कर्मियों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश कर रहे हैं। हंगामे और शोर-शराबे के बीच गैस एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सार्वजनिक स्थल पर हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था और गैस वितरण व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि इस पर प्रशासन क्या सख्त कार्रवाई करता है और उपभोक्ताओं को गैस वितरण की गंभीर समस्या से राहत दिलाने और सुचारु रुप से गैस सिलेंडर वितरण के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

No comments: