गोण्डा - सोमवार को आयुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान आयुक्त ने उद्योग विभाग की समस्त योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि वे शाखा-वार लक्ष्य निर्धारित करें और पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए तथा लक्ष्य के सापेक्ष ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक माह का लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध ढंग से ऋण वितरण किया जाए।
बैठक में आयुक्त ने लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) को निर्देश दिया कि खराब प्रगति वाले बैंकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्रावस्ती जनपद की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए और लक्ष्य को संतृप्त करने पर जोर दिया। इसके साथ ही सभी जनपदों को निर्देशित किया गया कि वे जल्द से जल्द प्लेज पार्क (प्लेज पार्क/प्लेज ग्राउंड) से संबंधित प्रस्ताव शासन को प्रेषित करें।
आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि उद्योग संबंधी सभी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जाए, जिससे प्रदेश में रोजगार सृजन को बढ़ावा मिले और उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में और सशक्त हो सके।
आयुक्त ने कहा कि स्वरोजगार योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम हैं, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
मण्डल में योजनाओं की प्रगति: लक्ष्य के सापेक्ष 93% से अधिक ऋण वितरण
मण्डल में संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की प्रगति रिपोर्ट (31 मार्च 2026 तक) के अनुसार कुल लक्ष्य 6950 के सापेक्ष 18169 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 15458 आवेदन बैंकों को प्रेषित किए गए। बैंकों द्वारा 6431 आवेदन स्वीकृत किए गए, जो लक्ष्य के सापेक्ष 92.53 प्रतिशत स्वीकृति दर्शाता है। वहीं कुल 6476 मामलों में ऋण वितरण किया गया, जो लक्ष्य के सापेक्ष 93.18 प्रतिशत उपलब्धि है।
जनपदवार प्रगति की बात करें तो बलरामपुर में 1400 के लक्ष्य के सापेक्ष 1165 ऋण वितरण (83.21%) हुआ। बहराइच ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 1900 के लक्ष्य के सापेक्ष 1967 ऋण वितरण कर 103.53 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की। गोण्डा जनपद में 2250 के लक्ष्य के सापेक्ष 2254 ऋण वितरण (100.18%) दर्ज किया गया, जो लक्ष्य से अधिक है। वहीं श्रावस्ती में 1400 के लक्ष्य के सापेक्ष 1090 ऋण वितरण हुआ, जो 77.86 प्रतिशत रहा। आंकड़ों से स्पष्ट है कि मण्डल में अधिकांश जनपदों ने लक्ष्य के अनुरूप या उससे अधिक प्रगति की है।
No comments:
Post a Comment