निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें—मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल
गोण्डा - देवीपाटन मण्डल की मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों एवं कर-करेत्तर राजस्व वसूली की प्रगति की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मण्डल के जनपद गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती एवं बलरामपुर में संचालित विकास योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा विभागवार राजस्व वसूली की समीक्षा की गई।
मण्डलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित की जाए। जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उनके अधिकारी विशेष कार्ययोजना बनाकर प्रगति में प्रभावी सुधार लाएं।
सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय रैंकिंग एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग की प्रगति का नियमित अनुश्रवण करें तथा डैशबोर्ड पर आंकड़ों को समय से अद्यतन कराएं। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में हर स्थिति में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा उन्हें समय से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
मण्डलायुक्त ने चारों जनपदों की विकास एवं राजस्व संबंधी प्रगति की तुलनात्मक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं को गति देते हुए जनसामान्य को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए तथा निर्माण गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। संबंधित अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं प्रयुक्त सामग्री की जांच सुनिश्चित करें। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का हस्तांतरण संबंधित उपयोगकर्ता विभाग को शीघ्र कराया जाए, ताकि उन्हें जनसामान्य के उपयोग में लाया जा सके।
मण्डलायुक्त ने छात्र-छात्राओं को फोल्डेबल स्टडी टेबल का शत-प्रतिशत वितरण हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा वितरण कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने सभी मण्डलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभागीय प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा जनपदों से प्राप्त प्रगति का निरंतर अनुश्रवण करें। अधिकारी समय-समय पर क्षेत्रीय भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लें तथा फील्ड स्तर पर प्राप्त जनसमस्याओं एवं शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
मण्डलायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला-संबंधी जनसमस्याओं तथा शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा
बैठक में कर-करेत्तर राजस्व वसूली की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने वाणिज्य कर/राज्य कर, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, खनन, विद्युत, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों की राजस्व वसूली की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली में निरंतर प्रयास करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। बड़े बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई कर बकाया राजस्व की वसूली की जाए। लक्ष्य के सापेक्ष कम उपलब्धि वाले विभाग विशेष अभियान चलाकर राजस्व संग्रह में तेजी लाएं तथा विभागवार प्रगति की नियमित समीक्षा करें।
मण्डलायुक्त ने कर चोरी एवं राजस्व क्षति की संभावनाओं को रोकने के लिए नियमानुसार जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रह में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
बैठक में चारों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, संबंधित मण्डलीय अधिकारी, जनपदीय अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment