Apr 30, 2026

तेज रफ्तार पिकअप ने ली बुजुर्ग की जान, लखनऊ पहुंचते ही तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम



गोण्डा - करनैलगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। कोतवाली करनैलगंज के बालपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत परसा गोड़री के मजरा छोटी पुरवा निवासी 75 वर्षीय वृद्ध हृदय नारायण पुत्र महाराज दीन की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग 7:15 बजे हृदय नारायण अपने घर से परसा स्कूल के पास तंबाकू लेने के लिए लखनऊ-गोंडा हाईवे की ओर जा रहे थे। तभी करनैलगंज की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप नंबर UP 42 BT 2901 ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों की मदद से घायल वृद्ध को तत्काल जिला चिकित्सालय गोंडा पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया परिजन उन्हें लेकर लखनऊ पहुंचे, लेकिन दुर्भाग्यवश वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।

No comments: