Apr 17, 2026

गैस एजेंसी कर्मचारी पर मारपीट, गाली-गलौज व धमकी देने का आरोप, पीड़ित ने चौकी में दी तहरीर


गोण्डा- थाना परसपुर क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी उपभोक्ता ने सावित्री भारत गैस एजेंसी के कर्मचारी पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शाहपुर चौकी में एक प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रूदौली निवासी सत्यपाल विश्वकर्मा पुत्र रामनरेश विश्वकर्मा ने शाहपुर चौकी प्रभारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह दिनांक 16 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11 बजे सावित्री भारत गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारी आशु सिंह ने न तो उनकी गैस किताब ली और न ही सिलेंडर दिया। जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो कर्मचारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीटा तथा धक्का देकर गिरा दिया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह वहां से अपनी जान बचाकर भाग निकला। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि एजेंसी के उक्त कर्मचारी के व्यवहार से कई अन्य उपभोक्ता भी परेशान हैं।
पीड़ित ने शाहपुर चौकी पुलिस से मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

No comments: