शहीद स्मारक पर माल्यार्पण एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत पौधरोपण
गोण्डा - विकासखण्ड हलधरमऊ में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य शुभारम्भ माननीय विधायक कटरा बाजार श्री बावन सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देश की एकता-अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अभियान के शुभारम्भ के अवसर पर विकासखण्ड मुख्यालय हलधरमऊ से चौरीचौराहा तक भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विकासखण्ड के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली रैली में देशभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। रैली के माध्यम से लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय विधायक श्री बावन सिंह जी द्वारा शहीद स्मारक पर पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर देश की स्वतंत्रता एवं राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी शहीदों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इसके उपरांत माननीय विधायक जी द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत क्षेत्रवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की गई।
No comments:
Post a Comment