Apr 17, 2026

मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिलाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी


करनैलगंज /गोण्डा - उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत गुरुवार को थाना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम गद्दोपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय के नेतृत्व में एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रत्येक थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सरकार द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181 एवं 1930 के उपयोग और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के तरीकों से अवगत कराया गया।
टीम द्वारा महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी जागरूक किया गया। उन्हें अज्ञात कॉल व संदेशों पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने, बैंकिंग धोखाधड़ी से सतर्क रहने, सोशल मीडिया पर गोपनीयता बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई। इसके अलावा स्कूल न जाने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान 5.0 का उद्देश्य केवल महिला सुरक्षा ही नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना भी है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें। कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक खुशबू श्रीवास्तव एवं महिला आरक्षी पारुल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

No comments: