कैसरगंज CHC के तहत 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान लगातार जारी
बहराइच -कैसरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के तहत ग्राम ऐनी हतेंसी में 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत "टीबी खोजो अभियान" तेजी से चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों की जांच कर रही हैं।अभियान का उद्देश्य टीबी के संभावित लक्षणों वाले संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर स्क्रीनिंग कर रहे हैं। जिला स्तर से प्राप्त सूची के अनुसार, कैसरगंज CHC के अंतर्गत कुल 23 गांवों में यह अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 5 गांवों में शिविर लगाकर जांच पूरी हो चुकी है।बुधवार को ग्राम ऐनी हतेंसी में लगे शिविर में लगभग 150 लोगों की जांच की गई। जांच के दौरान संदिग्ध मरीजों का छाती का एक्स-रे भी कराया गया, ताकि बीमारी की पुष्टि हो सके और तत्काल उपचार शुरू हो। टीम ने खांसी, बुखार, वजन घटना, कमजोरी व भूख न लगने जैसे लक्षणों पर विशेष ध्यान दिया।स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को जागरूक किया कि टीबी हवा से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर जांच व नियमित इलाज से पूरी तरह ठीक हो जाती है। सरकार जांच व इलाज निःशुल्क उपलब्ध करा रही है।सीएचसी कैसरगंज के अध्यक्ष डॉ. एन.के. सिंह ने बताया कि टीमें प्रतिदिन भ्रमण कर रही हैं, ताकि कोई संभावित मरीज वंचित न रहे। संदिग्धों का डेटा तैयार कर फॉलोअप किया जा रहा है। आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं को अभियान में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।अभियान में संध्या सिंह (एक्स-रे टेक्नीशियन), मानवेंद्र प्रताप सिंह (फार्मासिस्ट), डॉ. संजय वर्मा, गायत्री देवी (स्टाफ नर्स), मुंशी लाल यादव (लैब टेक्नीशियन), रवि शर्मा, पायलट काजी व कमाल मुस्तफा (एसटीएस) मौजूद रहे।
ग्राम ऐनी हतेंसी में यह पहल टीबी मुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें ग्रामीणों की सहभागिता सराहनीय रही।


No comments:
Post a Comment