Apr 29, 2026

मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना: ग्रामीण युवाओं के लिए 10 लाख तक ऋण का सुनहरा मौका





ग्रामोद्योग रोजगार योजना: युवाओं को 10 लाख तक ऋण, स्वरोजगार का अवसर

खादी बोर्ड की पहल: बेरोजगारों को मिलेगा आसान ऋण, बनें आत्मनिर्भर

गांव में ही रोजगार का मौका: 4% ब्याज पर ऋण, महिलाओं को ब्याजमुक्त सुविधा

ऑनलाइन आवेदन शुरू: मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना से जुड़ें, रोजगार पाएं


गोण्डा  -  उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, गोंडा द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है। योजना का उद्देश्य गांव स्तर पर रोजगार सृजन कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
इस योजना के अंतर्गत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक युवक-युवतियां अपने गांव में उद्योग स्थापित करने के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत पर मात्र 4 प्रतिशत ब्याज देना होगा, जबकि महिला एवं आरक्षित वर्ग के लाभार्थियों को ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा प्रदान की जाएगी।

इच्छुक अभ्यर्थी योजना के ई-पोर्टल mmgrykhadi.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षिक व तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, जाति/निवास प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और नमूना हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन के बाद उसकी हार्ड कॉपी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में जमा करनी होगी।

प्राप्त आवेदनों का चयन स्कोर कार्ड के आधार पर किया जाएगा तथा चयनित आवेदनों को बैंक के माध्यम से वित्तपोषण के लिए अग्रसारित किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय ने जनपद के बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाएं और प्रदेश के विकास में सहभागी बनें। अधिक जानकारी के लिए कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजा मोहल्ला, गोंडा या दूरभाष संख्या 9580503142 पर संपर्क किया जा सकता है।

No comments: