Mar 5, 2026

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसे में मौत का मामला, वाहन चालक पर मुकदमा


करनैलगंज /गोण्डा - कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। अज्ञात चौपहिया वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को परिजन गोंडा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौरी चौराहे से मैजापुर के बीच बटौरा शिव शंकर पुरवा नहर के पास एक अज्ञात चौपहिया वाहन ने राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और परिजनों को सूचना दी गई। बताया जाता है कि एंबुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन समय पर एंबुलेंस न पहुंचने के कारण परिजन घायल को मोटरसाइकिल से ही तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान परसा गोड़री ग्राम पंचायत के दर्शन तिवारी पुरवा निवासी बृजेश तिवारी उर्फ मुन्नू, पुत्र नकछेद तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित थे और उनके कोई बच्चे नहीं थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाली करनैलगंज के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने गोंडा-लखनऊ हाईवे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।

No comments: