गोण्डा -जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक 53 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्धावस्था में आम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत होल्लापुर के मजरा तेलियनपुर निवासी भुसैली कोरी पुत्र भगवती के रूप में हुई है। घटना सोनबरसा ग्राम पंचायत स्थित गेहूं के खेत के पास आम के पेड़ की बताई जा रही है, जहां वह सरसों काटने गए थे। परिजनों के अनुसार, मृतक शनिवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल, हंसिया और रस्सी लेकर घर से सरसों काटने के लिए निकले थे। करीब एक घंटे बाद जब उनकी पत्नी माया देवी खेत की ओर पहुंचीं, तो उन्होंने अपने पति का शव आम के पेड़ की डाल से लटका देखा। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटा अमृतसर में मजदूरी करता है, जबकि दूसरा घटना की सूचना मिलने पर घर लौट रहा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विपुल पाण्डेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
Mar 22, 2026
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment