Mar 4, 2026

होली के दिन संदिग्ध हालात में महिला की मौत, गांव में मची सनसनी, पहुंची पुलिस

 

करनैलगंज /गोण्डा - कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चकसेनिया में होली के दिन करीब 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान नीलम देवी पत्नी इंदल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे गांव की कुछ महिलाएं होली खेलने के लिए नीलम देवी के घर पहुंचीं। घर के अंदर जाने पर वह तख्त पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। कई बार आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो महिलाओं ने पास जाकर देखा। इस दौरान उनके होंठ के बाईं ओर खून लगा दिखाई दिया। आशंका होने पर तत्काल ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश तिवारी को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली कर्नलगंज पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
परिजनों के अनुसार नीलम देवी घर पर अकेली रहती थीं। उनके पति इंदल कुमार पानीपत में तथा पुत्र मनोज कुमार दिल्ली में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों गोंडा के लिए रवाना हो चुके हैं। कोतवाली कर्नलगंज के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

No comments: