आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने वृद्धाश्रम, वन स्टॉप सेंटर व बाल देखरेख संस्थान में मनाई होली
वृद्धजनों को गुझिया, बच्चों को अल्पाहार वितरित कर आयुक्त ने बांटी होली की खुशियां
महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों के साथ रंग-गुलाल खेलकर आयुक्त ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश
गोण्डा - होली के पावन पर्व पर देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने अपनी धर्मपत्नी गरिमा भूषण एवं सुपुत्र के साथ वन स्टॉप सेंटर, वृद्धाश्रम तथा बाल देखरेख संस्थान पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों, महिलाओं और बच्चों के साथ होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर आयुक्त ने सभी के साथ रंग-गुलाल खेलकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं और आत्मीयता के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
आयुक्त सबसे पहले वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने वहां रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से वृद्धजनों को गुझिया खिलाई और रंग लगाकर होली की बधाई दी। आयुक्त के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से वृद्धजन भावुक हो उठे और उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
इसके बाद आयुक्त बाल देखरेख संस्थान पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों के साथ भी होली का त्योहार मनाया। बच्चों ने आयुक्त और उनके परिवार का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर आयुक्त ने बच्चों को अल्पाहार वितरित किया तथा रंग-गुलाल लगाकर उनके साथ होली की खुशियां बांटी। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ त्योहार का आनंद लिया और परिसर में उल्लास का माहौल बना रहा।
आयुक्त ने वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर वहां रह रही महिलाओं से भी मुलाकात की और उनके साथ होली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने महिलाओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। आयुक्त ने कहा कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व हमें सभी भेदभाव भूलकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने का संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान सभी ने मिलकर प्रेम, सौहार्द और उल्लास के साथ होली का पर्व मनाया।
No comments:
Post a Comment