Mar 15, 2026

उ0नि0 नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का किया गया निरीक्षण




गोण्डा - रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक  विनीत जायसवाल द्वारा जनपद गोण्डा के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, चेकिंग/फ्रिस्किंग व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया गया। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सी0सी0टी0वी0 कैमरों की कार्यशीलता भी चेक की गई, जिससे परीक्षा की सम्पूर्ण प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों एवं केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए तथा अभ्यर्थियों की नियमानुसार सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए। आज दिनांक 15.03.2026 को आयोजित परीक्षा की प्रथम पाली में कुल 4800 अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होना था, जिसमें से 3501 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1299 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में भी कुल 4800 अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होना था, जिसमें से 3517 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1283 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जनपद के सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों के आसपास सतत निगरानी रखी गई तथा भ्रमणशील पुलिस टीमें लगातार गश्त करती रहीं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रही। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग के समन्वय से परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया गया।

No comments: