Feb 25, 2026

आपरेशन खोज” में गुमशुदा बालक सकुशल बरामद ,परिजनों को किया गया सुपुर्द





गोण्डा - अपर पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उ०प्र०, लखनऊ एवं अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक, विनीत जायसवाल के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित विशेष अभियान “आपरेशन खोज” के क्रम में दिनांक 26.02.2026 को जनपद में सघन चेकिंग/निरीक्षण अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 के सामने सीढ़ियों पर लगभग 12 वर्ष का एक बालक मायूस अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ करने पर बालक प्रारम्भ में डरा एवं सहमा हुआ था तथा अपना नाम “अभय” बताया, परंतु पिता का नाम व अन्य विवरण बताने में हिचकिचा रहा था। विश्वास में लेकर एवं रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन की केश वर्कर श्रीमती अलका पाण्डेय की उपस्थिति में समझाने पर बालक रोने लगा और बताया कि आज सुबह उसकी मां द्वारा पढ़ाई एवं मोबाइल देखने को लेकर डांटने एवं दो थप्पड़ मारने पर वह नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आया था और किसी ट्रेन से कहीं भी चले जाने की सोच रहा था। पुनः पूछताछ में बालक ने अपना नाम अभय वर्मा पुत्र रामशंकर उर्फ डब्ल्यू वर्मा निवासी ग्राम नौबरा बताया तथा मां का नाम ज्योति वर्मा बताया। पिता के दिल्ली में कार्यरत होने की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक द्वारा सी-प्लान ऐप के माध्यम से गांव की जानकारी प्राप्त कर ग्राम के सम्भ्रान्त व्यक्ति श्री हनुमान दुबे से संपर्क किया गया, जिन्होंने पुष्टि की कि उक्त बालक आज सुबह से घर से लापता है और परिवारजन उसकी तलाश कर रहे हैं। तत्पश्चात ज्योति वर्मा से दूरभाष पर संपर्क स्थापित कर उन्हें रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय पर बुलाया गया। सूचना पर ज्योति वर्मा ग्रामवासी संदीप यादव के साथ उपस्थित हुईं। आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन उपरांत बालक एवं उसकी माता को परामर्श देते हुए, बाल कल्याण समिति से वार्ता कर नियमानुसार बालक को उसकी माता  ज्योति वर्मा एवं ग्रामवासी श्री संदीप यादव की सुपुर्दगी में सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया। अभियान के दौरान प्र0नि0 लालबिहारी, उ0नि0 गऊचरन, महिला आरक्षी मीनू यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सत्येन्द्र प्रताप, अपराजिता सामाजिक समिति गोण्डा के आत्रेय त्रिपाठी एवं रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन की केश वर्कर श्रीमती अलका पाण्डेय उपस्थित रहे।

जनपद पुलिस द्वारा अपील
अभिभावक अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में बच्चों को घर छोड़कर जाने जैसी स्थिति उत्पन्न न होने दें। किसी भी बालक/बालिका के संदिग्ध अवस्था में मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें।


No comments: