Feb 25, 2026

बाल एवं किशोर श्रम मुक्त भारत जागरूकता अभियान के अंतर्गत एएचटी टीम द्वारा सघन चेकिंग, 02 सेवा नियोजकों के विरुद्ध कार्यवाही




गोण्डा - विगत 26.02.2026 को शासन द्वारा संचालित बाल एवं किशोर श्रम मुक्त भारत जागरूकता अभियान, मानव तस्करी, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति एवं बाल विवाह के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन एवं नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत के कुशल मार्गदर्शन में थाना ए.एच.टी. टीम द्वारा थाना कोतवाली देहात एवं कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत संचालित दुकानों, होटलों एवं मोटर गैराजों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाल श्रम निषेध से संबंधित शासन की नीतियों एवं दण्डात्मक प्रावधानों के संबंध में दुकानदारों/नियोजकों को विस्तृत रूप से अवगत कराया गया। चेकिंग के दौरान 03 बालक, 02 सेवा नियोजकों के यहां कार्य करते पाए गए। इस पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री सत्येन्द्र प्रताप द्वारा संबंधित सेवा नियोजकों के विरुद्ध निरीक्षण टिप्पणी काटते हुए विधिक कार्यवाही प्रारंभ की गई। अन्य नियोजकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार का बाल श्रम कराते पाए जाने पर थाना एएचटी प्रभारी द्वारा कठोर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इसी क्रम में मिशन शक्ति के तहत महिलाओं एवं बच्चों को जागरूक करते हुए महिला संबंधी अपराधों, मानव तस्करी एवं बाल शोषण के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही आमजन को विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरोंकृ1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड लाइन), 102/108 (एम्बुलेंस सेवा) एवं 1930 (साइबर हेल्पलाइन) की जानकारी प्रदान की गई। एएचटी प्रभारी द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा यदि कहीं भी होटल, ढाबा, चाय की दुकान अथवा अन्य प्रतिष्ठानों पर बालक/बालिका कार्य करते दिखाई दें तो तत्काल चाइल्ड लाइन 1098 अथवा 112 पर सूचना दें।
इस अवसर पर प्र0नि0 लालबिहारी (थाना ए0एच0टी0), उ0नि0 गऊचरन, महिला आरक्षी मीनू यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री सत्येन्द्र प्रताप, आत्रेय त्रिपाठी (अपराजिता सामाजिक समिति) सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
जनपद पुलिस बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा हेतु पूर्णतः संकल्पबद्ध है तथा इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

No comments: