साधन सहकारी समिति बदरौली को मिले नए वैकल्पिक अध्यक्ष व उपाध्यक्ष
बदरौली। साधन सहकारी समिति बदरौली के अध्यक्ष हेमराज सिंह की 31 दिसंबर 2025 को आकस्मिक मृत्यु के बाद खाली पड़े पद से समिति का कार्य बाधित होने पर रविवार को सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व उपाध्यक्ष सिपाही लाल को वैकल्पिक अध्यक्ष तथा रीनत बेगम (पत्नी मुहीब अहमद) को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव से समिति के कार्यों को नई गति मिलेगी। बैठक की शुरुआत में स्वर्गीय हेमराज सिंह की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिपाही लाल व उपाध्यक्ष रीनत बेगम के पति मुहीब अहमद ने सभी सदस्यों का आभार जताया और पारदर्शिता व जनहित में कार्य करने का भरोसा दिलाया।समिति के खातों के संचालन हेतु सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब सिपाही लाल (अध्यक्ष) व अयोध्या प्रसाद सिंह (सचिव) के संयुक्त हस्ताक्षर से लेन-देन होगा। वैकल्पिक अध्यक्ष का हस्ताक्षर जिला सहकारी बैंक, कैसरगंज शाखा को प्रेषित कर दिया जाएगा, जिससे कार्य सुचारू रूप से चले।बैठक में सचिव अयोध्या प्रसाद सिंह, मुहीब अहमद, देवेंद्र सिंह, मुन्ना लाल, उषा देवी, दुखी राम, राजबक्ष सिंह, संजय सिंह, दुर्गेश सिंह सहित मंडल के सभी सदस्य व ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment