Nov 23, 2026

हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का हुआ अभ्यास, सायरन बजते ही लागू किया गया ब्लैकआउट






पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा एवं एसडीआरएफ की टीमों ने आपसी समन्वय से किया राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन

अग्निशमन एवं राहत-बचाव टीमों ने किया त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन

आमजन को आपदा से बचाव के प्रति किया जागरूक, विभागीय समन्वय पर दिया जोर

गोण्डा - जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के अंतर्गत तहसील गोण्डा सदर स्थित शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन) परिसर में ब्लैकआउट मॉक-ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। मॉक-ड्रिल का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को परखना, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आमजन को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।

मॉक-ड्रिल के दौरान सायरन बजते ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत ब्लैकआउट लागू किया गया और हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न कर आपातकालीन परिस्थितियों में की जाने वाली कार्रवाई का अभ्यास कराया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित टीमों ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। ब्लैकआउट की स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित रहने, अनावश्यक रोशनी से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के संबंध में जानकारी दी गई।

मॉक-ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा आग लगने की काल्पनिक घटना पर तत्काल नियंत्रण पाने का अभ्यास किया गया। वहीं राहत एवं बचाव दलों ने भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।

इस दौरान नागरिक सुरक्षा, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा मित्र, एसडीआरएफ एवं स्वयंसेवकों की टीमों ने आपसी तालमेल के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया। सभी विभागों ने अपनी निर्धारित भूमिका के अनुसार त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन सहायता की व्यवस्थाओं का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान आमजन को ब्लैकआउट के समय बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थानों पर रहने, अफवाहों से बचने, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में संयम बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की मॉक-ड्रिल से आपदा के समय उत्पन्न होने वाली चुनौतियों का पूर्व आकलन किया जा सकता है तथा विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता एवं आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में मॉक-ड्रिल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आपदा के समय सतर्कता, त्वरित निर्णय, बेहतर विभागीय समन्वय और जनसहभागिता से जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस प्रकार के अभ्यास भविष्य में किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासनिक एवं नागरिक तैयारियों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, एआरटीओ प्रशासन आर०सी० भारतीय, जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव सहित अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस विभाग, एसडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments: