Nov 3, 2025

मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” में 18 महिलाओं ने रखीं अपनी समस्याएं — अधिकारियों ने दिलाया समाधान का भरोसा




गोण्डा - महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से देवीपाटन मंडल में “मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” कार्यक्रम के तहत सोमवार को महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। यह संवाद मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील के निर्देशन में मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में सम्पन्न हुआ।

जनसुनवाई में दूर-दराज़ के ग्रामीण क्षेत्रों से आई कुल 18 महिलाओं ने अपनी समस्याएं खुलकर अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान अपर आयुक्त (न्यायिक) मीनू राणा एवं उपायुक्त (खाद्य) विजय प्रभा ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई करते हुए प्रत्येक महिला की शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

महिलाओं की शिकायतों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, नाली निर्माण, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि, पारिवारिक विवाद तथा सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। अधिकारियों ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और किसी भी महिला को न्याय के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

अपर आयुक्त मीनू राणा ने कहा कि मंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाला “मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” कार्यक्रम महिलाओं को अपनी बात निडर होकर रखने का मंच प्रदान करता है। इससे न केवल समस्याओं का समाधान होता है बल्कि शासन की योजनाओं का लाभ भी सीधे पात्र महिलाओं तक पहुँचाने में सहायता मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, महिला सहायता हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समेत अन्य महिला हितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा या भेदभाव की स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें।

जनसुनवाई में आई जानकी नगर ग्रामीण की अफसाना खातून ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उनके घर से पानी निकलने के लिए अब तक नाली का निर्माण नहीं हुआ है। वह पिछले दो वर्षों से सचिव से नाली निर्माण की मांग कर रही हैं, लेकिन लापरवाही के कारण कार्य नहीं हो पाया है। उन्होंने आयुक्त से नाली निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि अफसाना खातून सहित सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाएगा, ताकि महिलाओं को वास्तविक रूप से शासन की योजनाओं और न्यायिक व्यवस्था का लाभ मिल सके।

No comments: