Aug 20, 2026

जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंचे दिव्यांग सहित दो जरूरतमंद परिवारों को मिली राहत


जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच के बाद पात्रता के आधार पर जारी हुआ राशन कार्ड


गोण्डा - कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के समक्ष दिव्यांग व्यक्ति त्रिवेणी पुत्र शिव बचन, निवासी ग्राम बेसिया चैन, विकासखण्ड पण्डरीकृपाल तथा सामान्य शिकायतकर्ता सरोज कुमारी पत्नी स्वर्गीय पुत्तन, निवासी ग्राम बरबटपुर, विकासखण्ड हलधरमऊ ने उपस्थित होकर अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के पास राशन कार्ड नहीं है तथा परिवार में कोई कमाने वाला सदस्य भी नहीं है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाधिकारी ने दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित परिवारों की पात्रता की जांच कर नियमानुसार राशन कार्ड जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि पात्र पाए जाने पर राशन कार्ड शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न योजना का लाभ प्राप्त हो सके।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा दोनों परिवारों की पात्रता की जांच की गई। जांच में पात्र पाए जाने के उपरांत नियमानुसार राशन कार्ड जारी किए गए। इसके बाद कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने स्वयं शिकायतकर्ताओं को राशन कार्ड उपलब्ध कराए।

राशन कार्ड प्राप्त होने पर शिकायतकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन में अपनी समस्या रखने के बाद जिस तत्परता से उनकी शिकायत का निस्तारण किया गया, उससे उन्हें काफी राहत मिली है। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

No comments: