गोण्डा - जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार जनपद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में तहसील तरबगंज के बाढ़ प्रभावित ग्राम ऐलीपरसौली में प्रशासनिक अधिकारियों एवं संबंधित टीम द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री किट का वितरण किया गया। राहत सामग्री प्राप्त होने से प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति में आवश्यक खाद्य एवं उपयोगी सामग्री उपलब्ध हो सकी।
राहत वितरण के साथ-साथ प्रभावित ग्रामीणों के स्वास्थ्य को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सजग है। ग्राम ऐलीपरसौली में पहुंची मेडिकल टीम द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार सभी परिवारों को दवाओं का वितरण किया गया। मेडिकल टीम द्वारा ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों एवं साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया, ताकि बाढ़ के कारण उत्पन्न होने वाली मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों से बचाव किया जा सके।
इसी क्रम में तहसील करनैलगंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र नकहरा में अधिकारियों द्वारा प्रभावित ग्रामीणों को लंच पैकेट का वितरण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति एवं ग्रामीणों की आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री, भोजन, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य आवश्यक सहायता समय से पहुंचती रहे।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। अधिकारियों द्वारा राहत कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित नागरिकों को आश्वस्त किया है कि विषम परिस्थितियों में प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी तथा प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुरूप हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निरंतर निर्देशित किया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment