Feb 12, 2025

कर्तव्य निष्ठा व ईमानदारी के पर्याय ईश्वर शरण सिंह नहीं रहे।

 



करनैलगंज/ गोण्डा - स्थानीय तहसील क्षेत्र के करनैलगंज ब्लाक अन्तर्गत ग्राम पंचायत लालेमऊ रेवतन पुरवा निवासी रिटायर्ड अध्यापक ईश्वर शरण सिंह का आज भोर में स्वर्गवास हो गया। जीवन के 88 बसंत देख चुके ईश्वर शरण सिंह क्षेत्र में ईमानदारी,कर्तव्य निष्ठा और सामाजिक सेवा के लिए सुदूर तक प्रसिद्ध थे। अपने जीवन काल में उन्होंने अध्यापन कार्य के दायित्व का बखूबी निर्वहन करते हुए पारिवारिक व सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर योगदान किया। ईमानदारी के पर्याय रहे ईश्वर शरण सिंह क्षेत्र में बड़ी - बड़ी पंचायतों में बुलाए जाते थे और पूरी साफगोई के साथ निर्णय करते थे, अपनी स्पष्ट वादिता के चलते उन्होंने जीवन में अनगिनत पंचायतें निपटाई। लंबे अरसे से अस्वस्थ चल रहे ईश्वर शरण सिंह ने आज बुधवार को ब्रम्ह बेला में अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस लेकर संसार से विदा ले लिया। उनके निधन से स्वजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। स्वजनों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार गांव के पास सरयू तट स्थित पंचवटी घाट पर दिन में 2 बजे होगा।

No comments: