मुख्यमंत्री आवास लाभार्थियों का कराया जायेगा गृह प्रवेश
लखनऊ - मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित लाभार्थियों के वर्चुअल गृह प्रवेश हेतु ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए तैयारियां जोरो पर हैं । इस संदर्भ में उपायुक्त ग्राम्य बिकास अखिलेश कुमार सिंह द्वारा समस्त सीडीओ को पत्र भेजकर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश निर्गत किया गया है। मुख्यमंत्री आवास योजना अंतर्गत ग्रामीण लाभार्थियों के प्रथम किश्त की धनराशि के डिजिटल अन्तरण एवं गत कार्यक्रम के पश्चात् निर्मित मुख्यमंत्री आवास के वर्चुअल गृह प्रवेश के लिए उप मुख्यमंत्री द्वारा आगामी 15 नवंबर 2022 की तिथि नियत की गई है। जिसमें विकास खण्ड स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराये जाने हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया है। शासन द्वारा जारी पत्र में यह भी कहा गया है कि विकास खण्ड स्तर पर 15 नवम्बर 2022 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना के साथ ही साथ प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण को भी गृह प्रवेश के लिए बुलाया जायेगा। खण्ड विकास अधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सम्बन्ध में जागरूक करने के लिए विस्तृत जानकारी दी जायेगी। उक्त कार्यक्रम का आयोजन आगामी 15 नवम्बर 2022 को पूर्वान्ह 11:00 बजे से शुरू होगा। इस दौरान लिंक के माध्यम से लाभार्थियों को बैठने व कार्यक्रम दिखाने के लिए टीवी आदि की समुचित व्यवस्था का निर्देश दिया गया है। साथ में यह भी कहा गया है कि उत्तर प्रदेश के रामपुर, मुजफ्फरनगर एवं मैनपुरी जिले में उक्त कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जायेगा।
No comments:
Post a Comment