Aug 31, 2026

बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा, पूर्व सपा विधायक का हल्ला-बोल, 24 घंटे में 4 घंटे ही बिजली आपूर्ति का आरोप


गोण्डा - जिले के कटरा बाजार में बिजली की अघोषित कटौती को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। पूर्व सपा विधायक बैजनाथ दुबे हजारों समर्थकों और बिजली उपभोक्ताओं के साथ कटरा बाजार विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और सरकार व ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

24 घंटे में 4-5 घंटे बिजली आपूर्ति का आरोप

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि कटरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े रंजीतपुर और दुबहा बाजार फीडर पर 24 घंटे में मुश्किल से 4-5 घंटे ही बिजली मिल रही है। भीषण गर्मी में ग्रामीण परेशान हैं। जर्जर तार और खराब ट्रांसफार्मर की शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

शिकायत करने पर मुकदमे का आरोप

बैजनाथ दुबे ने गंभीर आरोप लगाया कि जब उपभोक्ता अपनी समस्या लेकर विभाग के अधिकारियों के पास जाते हैं तो उनकी समस्या सुनने के बजाय उनके खिलाफ ही मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अधिशासी अभियंता रोहित रणबीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने समस्याओं के समाधान और पर्याप्त बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिया। इसके बाद पूर्व विधायक ने एसडीओ को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में रखीं ये मांगें

ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार द्वारा निर्धारित 18 घंटे बिजली आपूर्ति के नियम का पालन कराने, जर्जर तार और ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली की समस्या लेकर पहुंचे 3-4 उपभोक्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की गई।

बड़े आंदोलन की चेतावनी

पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में कटरा विधानसभा के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और उपभोक्ता मौजूद रहे।

No comments: