Aug 31, 2026

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: ऑटो-बोलेरो में आमने-सामने भिड़ंत, 1 साल के मासूम समेत महिला की मौत, 6 बच्चे गंभीर



करनैलगंज /गोण्डा - स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चचरी-कर्नलगंज मार्ग पर सोमवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। शादी में जा रहे परिवार की ऑटो को सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक साल के मासूम और एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 से 10 वर्ष के 6 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

बेटे के शव से लिपटकर रोती रही मां

हादसे के बाद का मंजर बेहद दर्दनाक था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 1 वर्षीय मासूम रियाज का शव देखकर मां-बाप बिलख पड़े। मां अपने बेटे के शव से लिपटकर रोती रही, पिता चीख-चीख कर बेहाल हो गया। मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार

मिली जानकारी के मुताबिक परसपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर धनावा गांव निवासी राज अली की पत्नी सन्नो (30) अपने और देवर के बच्चों को लेकर सीएनजी टेंपो से सकरौरा में शादी में जा रही थी। टेंपो में कुल 8 लोग सवार थे।

परिजनों का आरोप - डगमगाते हुए चला रहा था बोलेरो चालक

परिजनों ने बताया कि कर्नलगंज की ओर से आ रही बोलेरो का ड्राइवर गाड़ी लहराते हुए, डगमगाते हुए चला रहा था। ऑटो ड्राइवर ने टक्कर से बचने के लिए ऑटो को सड़क किनारे उतारने की कोशिश भी की, लेकिन बोलेरो ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे कर्नलगंज क्षेत्राधिकारी आनंद राय और प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायलों को कर्नलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां सन्नो और मासूम रियाज को मृत घोषित कर दिया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि 6 बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर किया गया है।

क्षेत्राधिकारी आनंद राय ने बताया कि आरोपी बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया गया है और बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

No comments: