Breaking






Oct 3, 2022

कुशीनगर: रात के अंधेरे में गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे लड़के की भाला और चाकू घोंपकर हत्‍या

यूपी के कुशीनगर में रविवार की देर रात गर्लफ्रेंड से उसके घर पर मिलने पहुंचे लड़के की चाकू, भाला घोंप कर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे लड़के के परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची तुर्कपट्टी पुलिस ने चार आरोपियों के साथ गर्लफ्रेंड को भी हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रात में ही पुलिस अधीक्षक धवल जयसवाल, एडिशनल एसपी रितेश सिंह और सीओ तमकुहीराज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्‍होंने तुर्कपट्टी पुलिस मामले में तत्‍काल और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

मृतक के पिता चन्द्रशेखर प्रसाद निवासी ग्राम रहसू सोमालीपट्टी थाना पटहेरवा ने तुर्कपट्टी पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उनके बेटे विकास प्रसाद (22) का प्रेम संबंध तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की से था। लड़की कई बार उनके घर जा चुकी है। कुछ दिन पहले भी वह विकास के घर गई थी। वह वापस अपने घर नहीं लौटना चाहती थी। परिवार के लोगों ने बड़ी आरज़ू मिन्नतें करके उसे वापस भेजा था।    

       मारे गए लड़के के पिता ने पुलिस को बताया कि बीती रात दो अक्टूबर को विकास के पास लड़की ने फोन करके घर पर मिलने के लिए बुलाया। विकास, रात को ही मोटरसाइकिल से लड़की से मिलने के लिए उसके घर गया। देर रात सूचना मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। उसके बाद परिवार के लोग ग्राम प्रधान के साथ लड़की के गांव पहुंचे। विकास का शव लड़की के घर से करीब सौ मीटर दूर मिला। काफी खोजबीन के बाद भी लड़के की मोटरसाइकिल पुलिस को अब तक नहीं मिली है। सूचना पर पुलिस पहुंची और चंद्रशेखर प्रसाद के आरोपों के आधार पर लड़की और उसके परिवार के चार लोगों को हिरासत में ले लिया।    

            रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: