Breaking







Sep 23, 2022

दिव्यांग महिला को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने पीटा, रुपये छीने

बस्ती जिले में आज दोपहर में एक बार फिर बच्चा चोर के नाम पर लोगों ने शर्मशार करने वाली घटना को अंजाम दिया। भीड़ का शिकार बोलने व सुनने में अक्षम एक दिव्यांग महिला बनी। भीख मांगकर पेट पालने वाली इस महिला को बच्चा चोर कहकर पहले भीड़ ने घेर लिया। इसके बाद जबरन भीड़ में शामिल कुछ महिलाओं की मदद से तलाशी ली गई। विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई करते हुए पॉलीथीन की पन्नी व छोटे बटुए में रखी पांच-पांच सौ रुपये के नोट की गड्डियां छीन लीं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कुल पांचच गड्डियां थीं, जिसमें एक गड्डी पांच सौ के पुराने नोटों की थी।   

         सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पीड़ित महिला को भीड़ से छुड़ाया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो लोगों को पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया है। दिव्यांग महिला अपना नाम व पता बताने में असमर्थ है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाल संजय कुमार का कहना है कि घटनाक्रम से संबंधित सभी जानकारियों को जुटाया जा रहा है। ऐसा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।    

कोतवाली थाना क्षेत्र के कोपिया गांव में आज दोपहर को एक बुजुर्ग महिला पहुंची, जिसकी उम्र करीब 60 वर्ष है। बताया जा रहा है कि बोलने व सुनने में अक्षम यह महिला आसपास के गांव व चौराहों पर भीख मांग कर अपना जीवन यापन करती है। इस महिला को गांव में देख कुछ लोगों ने रोका और उससे नाम व पता पूछने लगे। लेकिन वह अपना नाम पता नहीं बता सकी। इसके कारण कोई उसे बच्चा चोर तो कोई चोर-चोर कहकर घेरने लगा। थोड़ी ही देर में भीड़ बढ़ गई। उसके साथ हाथापाई की जाने लगी। वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि किस तरह महिला इशारों में भीड़ को अपनी बेबसी बयां करने की कोशिश कर रही है। इसके बाद महिला में शामिल महिलाओं की मदद से उसकी तलाशी ली गई। पॉलीथीन में पांच सौ के नए व पुराने (बंद हो चुकी करेंसी) की गड्डी मिली। वीडियो में पांच सौ रुपये के नोट की गड्डी लहराते भी एक शख्स नजर आ रहा है।    

प्रत्यक्षदर्शियों की तरफ से बताया जा रहा है कि नए नोट की गड्डी करीब दो लाख रुपये के बीच थी। आरोप है कि इसे भीड़ ने आपस में बांट लिया, जबकि पांच सौ के बंद हो चुके पुराने नोट की गड्डी दिव्यांग महिला को वापस कर दिया गया। माना जा रहा है कि इस महिला ने भीख मांग-मांगकर इतने पैसे जमा किए रहे होंगे। मौके पर पहुंचे सोनूपार चौकी इंचार्ज राजीव कुमार सिंह ने बताया कि विक्षिप्त महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गांव के दो लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया है। छानबीन कर उचित कार्रवाई की जा रही है।      

               रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: