Sep 7, 2022

घर-घर जाकर साबुन से हाथ धोने व कोविड अनुरूप व्यवहार अपनाने के फायदे गिनाएंगे स्वास्थ्य सारथी : सीएमओ


गोंडा-लोगों को सुरक्षित रखने के लिए अकेले एक उपाय पर्याप्त नहीं हैं। मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाए रखना, बार-बार हाथ धोना और उचित तथा लगातार स्वच्छता, जब एक साथ किए जाते हैं, तो लोग सुरक्षित रहते हैं। ये बातें स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सेव द चिल्ड्रेन द्वारा हाईजीन बिहैवियर्स चेंज कोलिशन (एचबीसीसी प्रोजेक्ट) के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला को सम्बोधित करने के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रश्मि वर्मा ने कही ।उन्होंने कहा कि हाथों को धोना कीटाणुओं, बैक्टीरिया और धूल से छुटकारा पाने का एक प्रभावी तरीका है। अपने आप को बीमार होने से बचाने के लिए हाथों की अच्छी स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है। हाथों को बार-बार धोना ये सुनिश्चित करता है कि हम कीटाणुओं और अन्य जीवाणुओं को फैलाने से रोक रहे हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथों की नियमित सफाई और कोविड अनुरूप व्यवहारों के पालन से ही हम कोरोना संक्रमण के फैलाव पर हर बार लगाम लगाने में सफल हुए हैं।एसीएमओ डॉ एपी सिंह ने कहा कि आमजन कोविड गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन करें ।साथ ही कोरोना के लक्षण दिखते ही जांच जरूर कराएं। इसमें किसी भी सूरत में लापरवाही न करें। इसके साथ ही टीकाकरण भी अनिवार्य तौर पर कराएं। शासन और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करें। कोविड-19 से बचाव व रोकथाम के लिए वर्तमान स्थिति में प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है कि वह शारीरिक दूरी का ध्यान रखें ।फेस मास्क जरूर लगाएं व प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। घर से बाहर निकलें तो अनिवार्य रूप से अपने मुंह को फेस कवर, गमछा या रूमाल से ढककर निकलें ताकि कोरोना महामारी बीमारी से बचाव हो सके।डीसीपीएम डॉ आरपी सिंह ने बताया कि ग्राम स्तर पर आशा कार्यकर्ता एचबीएनसी कार्यक्रम के दौरान लोगों को हाथ धोने के सही तरीके सिखाती हैं। सेव द चिल्ड्रेन संस्था के इस प्रोजेक्ट से समुदाय में व्यक्तिगत साफ-सफाई और स्वच्छ आदतें अपनाने हेतु आमजन को जागरुक करने में मदद मिलेगी।उन्होंने बताया कि स्वच्छता व्यवहार परिवर्तन पर आधारित इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से बीस स्वास्थ्य सारथी तैयार किये जायेंगे, जो झंझरी ब्लॉक के सभी उपकेन्द्रों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और समुदाय स्तर पर घर-घर जाकर लोगों को जागरुक करेंगे । उनके द्वारा साबुन से हाथ धोने और कोविड-19 अनुरूप व्यवहार अपनाने के फायदे गिनाने के साथ कोविड टीके की एहतियाती डोज समय से लगवाने के बारे में जन जागरुकता फैलाई जाएगी ।सेव द चिल्ड्रेन के सहायक प्रबंधक अनिल कुमार तिवारी ने संस्था के कार्य और कार्यशाला के आयोजन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तीन दिवसीय इस कार्यशाला में दो दिन आवासीय व तीसरे दिन क्षेत्र भ्रमण कर सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से सारथियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।इस मौके पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डीपीएम अमरनाथ, पीपीएचएफ संस्था से अलोक व उस्मान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments: