Breaking






Sep 26, 2022

समाज के अंतिम व्यक्ति तक मिल रहा सरकारी योजना का लाभ

बस्ती, । पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद व अंत्योदय सिद्धांत को भाजपा अमलीजामा पहनाने का काम कर रही है। गरीब आदमी के मन में यह इच्छा होती है कि वह भले ही झुग्गी झोपड़ी में पैदा हुआ लेकिन उसके पुत्र-पुत्री पक्के घर में रहें। यह सपना साकार किया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने, जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास के तहत सभी गरीबों को पक्का छत उपलब्ध करा दिया। आज सब को पक्का मकान मिल रहा है। मैं बस्ती जनपद के कई घरों में गया। पक्के मकानों को देख करके मुझे लगा वास्तविक में यही अंत्योदय है। यही एकात्म मानववाद है।    

           यह बातें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कही। वह रविवार को भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। पं. दीनदयाल उपाध्याय और श्याम प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद दीप प्रज्ज्वलन कर बैठक का शुभारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि मकान के बाद सबसे बड़ी समस्या पेयजल की थी। शुद्ध पेयजल सबको मिले, इसका प्रधानमंत्री ने लक्ष्य निर्धारित किया है। 2024 तक हम सबके घर में नल से स्वच्छ जल देंगे। इसी प्रदेश में बुंदेलखंड में कुछ वर्ष पहले जल की बहुत बड़ी समस्या थी। सपा सरकार में पानी ट्रेन से मंगाना पड़ता था। लेकिन आज बुंदेलखंड में नहर व नदियां जल से भरी हुई है।    

डिप्टी सीएम ने कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूं देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के सारे कार्यों को कर रही हैं। यही पं. दीनदयाल उपाध्याय का सपना था। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के रूप में आपके मान सम्मान से मैं कभी समझौता नहीं होने दूंगा। संगठन और सरकार सामंजस्य बनाकर कार्य कर रहे हैं। हमारे लिए कार्यकर्ता और जनता प्रथम है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल और संचालन विवेकानंद मिश्र ने किया।   

             रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: