कप्तानगंज थाने में दुबौला चौकी के मुख्य आरक्षी रामरक्षा प्रसाद ने तहरीर दी है। उनका आरोप है कि एकटेकवा बाजार में एक विक्षिप्त व्यक्ति को बच्चा चोर कहकर चार लोगों ने अपशब्द कहा और मारने-पीटने लगे। साथ ही भीड़ का उकसा रहे थे कि यह बच्चा चोर है। इसे जान से मार डालो। मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एकटेकवा निवासी संदीप, बब्लू, आकाश उर्फ ढोलु और राकेश के खिलाफ आईपीसी 109, 153, 323, 504, 506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गौर थाने में एसआई बलवन्त प्रसाद निषाद ने तहरीर देकर बताया है कि बच्चा चोरी की झूठी अफवाह फैलाकर सड़क पर मौजूद लोगों को उकसा कर एक अर्द्धविक्षिप्त व्यक्ति राहुल सिंह को अपशब्द कहते हुए उसकी पिटाई कर दी गई। पुलिस ने अंकेश यादव, लालमन यादव निवासी धोबहिया, राम जियावन, गुट्टे यादव, रमजान अली, भल्ला यादव निवासी केसरई, राम गोविन्द, राम गोपाल निवासी बेलहिया थाना गौर के खिलाफ आईपीसी 147, 153, 323 व 504 के तहत केस दर्ज किया गया है।
दुबौलिया थाने के निरीक्षक रवीन्द्र सिंह ने बताया कि व्हाट्सअप व फेसबुक के जरिए झूठी सूचना फैलाई गई। इसमें कहा गया कि एकटेकवा विद्यालय से तीन चोर बच्चों को लेकर नदी की तरफ जा रहे थे। कुछ लोगों ने देखा व बच्चों को छुड़ाया। एक चोर पकड़ा गया और तीन भाग निकले। इस आशय का पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। उन्होंने पोस्ट करने वाले के खिलाफ आईपीसी 153 के तहत केस दर्ज कराया है। हर्रैया थाने में दरोगा सुरपति त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर किडनी चोर की अफवाह फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने व्हाट्सअप के माध्यम से किडनी चोर से लोगों में दहशत जैसी निराधार बात को लेकर भ्रामक व अफवाह भरी बातों को प्रचारित किया। इससे आमजन में दशहत व असुरक्षा की भावना पैदा हुई। पुलिस ने आईपीसी 505(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment