Breaking





Sep 27, 2022

बस की चपेट में आए बाइक सवार दो युवकों की मौत

सल्टौआ/ रुधौली ।बस्ती । जिले के रुधौली थानांतर्गत करमहिया-धनघटा मोड़ पर कल शाम बस्ती डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। इनमें एक हाईस्कूल का छात्र था तो दूसरा युवक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। थाना प्रभारी रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल भेजा गया था। लेकिन जान नहीं बच सकी। दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सोनहा थाना क्षेत्र के मुड़बरा निवासी हेमंत उर्फ रामसकल चौधरी (19) पुत्र मस्तराम चौधरी ने हाईस्कूल तक पढ़ाई की थी। सोमवार की शाम वह गांव के ही रहने वाले इश्तियाक (25) पुत्र अहमद अली के साथ किसी काम से बाइक से रुधौली की तरफ जा रहा था। इश्तियाक एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम करीब पांच बजे रुधौली थानांतर्गत करमहिया-धनघटा मोड़ पर दोनों पहुंचे थे। तभी सिद्धार्थनगर से बस्ती की तरफ जा रही बस्ती डिपो की अनुबंधित बस ने सामने से बाइक को ठोकर मार दी। 
            आमने-सामने हुईं भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक बस के अगले हिस्से में फंस गया, जबकि दूसरे को भी गंभीर चोट आई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्रा टीम संग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सीएचसी रुधौली भिजवाया। यहां हेमंत उर्फ रामसकल चौधरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल इश्तियाक (25) को जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। बस को कब्जे में ले लिया गया है।  
     सल्टौआ। रुधौली में हुए हादसे में सोनहा थाना क्षेत्र के मुड़बरा गांव के दो युवकों की मौत से मातम पसर गया। मृतक हेमंत उर्फ रामसकल चौधरी (19) ने हाईस्कूल तक की पढ़ाई की थी। इसके बाद से वह घर पर ही रह रहा था। तीन भाईयों व एक बहन में वह सबसे छोटा था। पिता मस्तराम खेती-किसानी करते हैं। उसकी मौत की खबर से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं हादसे का शिकार हुए इसी गांव के इश्तियाक (25) एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। पांच भाइयों व तीन बहनों में वह सबसे बड़ा था। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। पिता अहमद अली मजदूरी करते हैं। इश्तियाक की शादी हो चुकी थी और उसके दो बच्चे हैं। सोमवार की शाम घर पर मौत की खबर पहुंचने के साथ ही कोहराम मच गया। मृतक रामसकल के पिता मस्तराम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 337, 338, 304 ए, 184 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।    

                 रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट             

No comments: