Aug 1, 2022

पुरानी रंजिश में भिड़े दो पक्ष, सात घायल

थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में रविवार को पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष के सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची रुधौली पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने दो घायलों की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

रानीपुर गांव निवासी कमलेश निषाद और राम प्रसाद के बीच मारपीट की एक पुरानी घटना को काफी दिनों से विवाद चल रहा है। आरोप है कि रविवार को रामप्रसाद निषाद के लोग कमलेश निषाद के घर पर चढ़कर मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान लाठी, डण्डा, हंसिया तथा कुल्हाड़ी से वार करने लगे। राजू निषाद का सिर फट गया। बीच-बचाव करने पहुंची पूजा भी चोट लगने से घायल हो गई। मारपीट के दौरान आशीष, रमाकान्त निषाद, राधिका निषाद, निशा निषाद चोटिल हो गए।

घायल कमलेश की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र, इंस्पेक्टर मनोहर लाल, एसआई राजेन्द्र यादव, एसआई श्रीराम सिंह, एसआई पंकज त्यागी ने घायलों को सीएचसी रुधौली पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायल राजू निषाद और पूजा निषाद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने कमलेश की तहरीर पर राम प्रसाद निषाद, दिवाकर निषाद, दीपक निषाद, धीरज निषाद के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 324, 308, 452, 504, 506 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

रूधौली बस्ती से अजय पांडेय की रिपोर्ट।

No comments: