नई दिल्ली - “द जर्नलिस्ट एसोसिएशन” (भारत) द्वारा देश भर में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से एक व्यापक राष्ट्रीय हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान आगामी 6 महीनों तक देश के विभिन्न स्तरों—राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर चलाया जाएगा।
संगठन के अनुसार, हाल के वर्षों में पत्रकारों पर बढ़ते हमले, उत्पीड़न, झूठे मुकदमे और गिरफ्तारियों की घटनाएं लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना समय की बड़ी मांग है, क्योंकि पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है।
इस अभियान के माध्यम से संगठन ने तीन प्रमुख मांगों को केंद्र में रखा है—
पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए।
पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को और मजबूत बनाया जाए।
“द जर्नलिस्ट एसोसिएशन” ने देश भर के पत्रकार संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने हस्ताक्षर देकर इसे जनआंदोलन का रूप दें।
अभियान के समापन के बाद एकत्रित हस्ताक्षरों को देश के माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और संबंधित राज्य सरकारों को ज्ञापन के रूप में सौंपा जाएगा।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश डी. यादव ने कहा, “जब तक पत्रकार सुरक्षित नहीं होंगे, तब तक लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता। यह अभियान पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक पहल है।”
No comments:
Post a Comment