Jan 25, 2022

मताधिकार भारत के नागरिकों की सबसे बड़ी ताकत, वोट जरूर करें-आयुक्त

गोण्डा - मंगलवार को जनपद में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन कोविड प्रोटोकॉल के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर कमिश्नरी, कलेक्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विकास भवन सहित अन्य सरकारी दफ्तरों तथा जनपद में संचालित विभिन्न विद्यालयों में मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई।
       इस अवसर पर देवीपाटन मण्डल के आयुक्त श्री एमपी अग्रवाल ने आयुक्त सभाकक्ष में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदाता दिवस का शपथ दिलाया। उन्होंने वहॉ उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपना मताधिकार का प्रयोग करेंगे।  
        इस अवसर पर उन्होंने कहा कि  प्रत्येक नागरिक की देश एवं समाज के प्रति जिम्मेदारियां होती हैं, जिसमें से मतदान का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा मतदान हमारी लोकतंत्र से मिली व्यक्तिगत ताकत है जिसमें हर एक मत का महत्व है तथा इससे हम देश का भविष्य तय करते हैं। इसलिए सभी व्यक्तियों को बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लेना चाहिए। उन्हांेने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को मतदान करके अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराने का भी मौका मिलता है। इस अवसर पर अपर आयुक्त राकेश चंद्र शर्मा तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण रक्षा राम वर्मा, शिव गोपाल तिवारी, सुनील कश्यप आदि उपस्थित रहें।
       जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही की अध्यक्षता में बारहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर कलेक्ट्रेट परिसर में मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शाही ने अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि 25 जनवरी को मतदाता दिवस मनाया जाता है, यह इस मतदाता दिवस का महत्व इस समय और विशेष हो गया है क्योंकि विधानसभा चुनाव प्रगति पर है। एन्होंने कहा कि भारत उन गिने चुने देशों में से एक है जहां पर सर्वप्रथम महिलाओं को मतदान का अधिकार मिला, व्यक्ति के जीवन को गरिमामयी बनाने में मतदान का अधिकार भी शामिल है, भारतीय निर्वाचन आयोग ने मतदान को सुगम और सरल बनाने के लिए अनेक प्रयास किये हैं, उनके इस प्रयास का परिणाम रहा है कि लगातार मतदान प्रतिशत में वृद्धि हुई है, हमारे जनपद में मतदान के सम्बन्ध में जेण्डर रेसियो बढ़ा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियो-कर्मचारियों तथा जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि आप अपने मताधिकार का प्रयोग करके, सर्वश्रेष्ठ प्रत्याशी को मतदान कर सकते हंै, प्रत्याशी ऐसा हो जो अपनी सोच से न केवल जिला, प्रदेश बल्कि देश को भी आगे ले जा सके, यह अधिकार बहुत पवित्र और महत्वपूर्ण है। आपको अपने जीवन काल में कई बार मतदान के अवसर मिलते है उसमें से एक अवसर आगमी 27 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए मिला है, इस लिए आप अपने इस अधिकार का प्रयोग करें और अपने मत का प्रयोग अवश्य करें। हम वृद्धों को, दिव्यांगों को, नव युवकों को यह अवसर उपलब्ध करा रहे हैं कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करे, प्रशासन आपकी इसमें ज्यादा से ज्यादा मदद करेगा। 
जिलाधिकारी ने कहा कि मैं इस राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर लोगों का आह्वान करता हॅू कि लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें। व्यक्ति के जीवन में रोजी, रोटी के अलावा जो व्यक्ति की पहचान को सबसे ज्यादा निर्धारित करता है वह निश्चित रूप से उसको मिला मतदान का अधिकार है। विशेष कर इस निर्वाचन में युवाओं और महिलाओं की भागेदारी ज्यादा से ज्यादा होनी चाहिए। पिछले विधान सभा चुनाव में कम प्रतिशत मतदान जनपद में हुआ था, परन्तु मैं चाहता हूॅ कि जनपद में अबकी बार ऐतिहासिक रूप से मतदान का प्रतिशत बढ़े। 
      इस मौके पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि हम मतदान के दिवस पर जो शपथ ले रहे है, उसका एक-एक शब्द हमारे जहन में उतर जाना चाहिए और हमें, उसका पालन करना चाहिए। 
       विकास भवन में आयोजित मतदाता दिवस कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि आज मतदान दिवस का आदर्श वाक्य है, समावेशी, सुगम एवं सहभागी निर्वाचन, समावेशी का मतलब सभी वर्ग, सभी जाति, दिव्यांग, वृद्ध सभी को मतदान देने का अवसर प्रदान करना, सुगम का मतलब-सहजता से सभी नागरिक इस निर्वाचन में भाग ले सकंे। सहभागी मतलब-हर किसी वर्ग का इसमें भागीदारी सुनिश्चित हो, आप अपने आसपास के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें, जिससे हमारे जनपद का मत प्रतिशत ज्यादा से ज्यादा हो और लोकतंत्र को मजबूती मिल सके। 
वहीं स्वीप प्रभारी/जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि 12 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद की सभी तहसीलों, ब्लाक मुख्यालयों सहित सभी सरकारी दफ्तरों व शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया।
      इस अवसर पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जंगजीत वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मृत्युन्जय सिंह, पीओ डूडा विनोद कुमार सिंह, जिला पिछड़ावर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष सोनी, प्रशासनिक अधिकारी नईम अहमद, संजय सहाय, गिरिजा द्विवेदी सहित अन्य अधिकरीगण व कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments: