Nov 3, 2021

आयुक्त,डीएम,एसपी व मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद वासियों को दीपावली की दी बधाई

गोण्डा - देवीपाटन मण्डल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव, जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही, एसपी संतोष कुमार मिश्रा तथा सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने विजय का प्रतीक प्रकाश पर्व के अवसर पर जनपद के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, अधिवक्ताबन्धुओं, व्यापारियों तथा पत्रारबन्धुबओं को बधाई दी है तथा शान्ति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से पर्व को मिलजुल कर मनाने की अपील की है।
आयुक्त श्री रंगाराव ने कहा कि ग्रन्थों के अनुसार इस दिन भगवान राम लक्ष्मण और माता जानकी 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटे थे और उनके आने की खुशी में नगरवासियों ने घर-घर घी के दीये जलाए थे। तभी से इस त्योहार की शुरुआत हुई। लक्ष्मी पूजा के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्री कृष्ण ने इन्द्र को पराजित किया था। दीपावली का अर्थ है दीपों की पंक्तियां। दीपावली के दिन प्रत्येक घर दीपों की पंक्तियों से शोभायमान रहता है। दीपों, मोमबत्तियों और बिजली की रोशनी से घर का कोना-कोना प्रकाशित हो उठता है। इसलिए दीपावली रोशनी का पर्व भी कहा जाता है।
          जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने दीपोत्सव की हार्दिक बधाई देते हुए अपील की है कि जनपदवासी त्योहार के दौरान कोविड-19 के सुरक्षात्मक प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें तथा सुरक्षित दीपावली मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार हमें एकता और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि  भगवान राम के जीवन आदर्शों से सीख लेते हुए हमें कर्तव्यों का पालन करना चाहिए तथा एक दूसरे के धर्मों का आदर करते हुए त्योहारों को मनाना चाहिए।
       पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने दीपावली त्यौहार पर जनपदवासियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि दीपावली पर शांति व्यवस्था बनाएं रखने हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति या वर्ग शांति व्यवस्था बनाये रखने में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करेगा, तो उसके साथ सख्ती से निपटा जायेगा। मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने भी प्रकाश पर्व दीपावली पर जनपद वासियों को हार्दिक बधाई  दी है और शान्ति एवं सौहार्द पूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की है।

No comments: