Apr 12, 2021

पुलिस ने चलाया मास्क चेकिंग अभियान

करनैलगंज गोण्डा (रमेश पाण्डेय)। कोरोना के बढ़ते खतरे को लेकर पुलिस ने मास्क की जांच और जागरूकता के लिए अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र के निर्देशन में आदर्श आचार संहिता व कोविड नियमों के शत-प्रतिशत पालन करवाने हेतु करनैलगंज पुलिस ने अभियान चलाया। सोमवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी मुन्ना उपाध्याय व प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह मय टीम मास्क चेकिंग किया और बिना मास्क लगाए लोगों के सैकड़ों चालान किए। साथ ही जरूरतमंदों में मास्क भी वितरित किया। आदर्श आचार संहिता व कोविड नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्यवाही करेगा। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया बिना मास्क के घूमने वालों से जुर्माने के तौर पर 500 रुपये चालान वसूला जाएगा। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
   एक बार फिर से कोरोना का प्रकोप बढ़ रहा है। लोग बेपरवाह हो चुके हैं। मास्क का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। इतना ही नहीं शारीरिक दूरी और गाइडलाइन की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शासन भी गंभीर है। पुलिस ने भी इस लापरवाही के खिलाफ कमर कस ली है। एसपी के निर्देश पर सोमवार को चेकिग अभियान चलाया गया। पुलिस ने सड़क पर उतरकर लोगों को जागरूक किया और कोरोना से सतर्क रहने की अपील की।

No comments: