Gonda
October 12, 2026
जिला पंचायत सभागार में कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित
गोण्डा - जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में माननीय मुख्यमंत्री जी के सजीव प्रसारण के माध्यम से कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा से प्रभावित किसानों को राहत सहायता उपलब्ध कराना तथा कृषि उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को आवश्यक कृषि निवेश एवं उन्नत बीज उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान जनपद की तहसील सदर गोण्डा में आपदा राहत विभाग द्वारा 120 से अधिक किसानों को राहत सहायता के प्रतीकात्मक डेमो चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा तहसील सदर के 35 से अधिक किसानों को चना, मसूर, मटर, सरसों आदि फसलों के मिनीकिट बीज वितरित किए गए, जिससे किसानों को आगामी फसल की बुवाई में सहायता मिल सके और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिले।
इस अवसर पर विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी,विधायक गोण्डा सदर प्रतीक भूषण सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा किसानों को डेमो चेक एवं मिनीकिट बीज वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किसानों के हित में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सहायता पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया।
कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम जनपद गोण्डा की सभी तहसीलों में आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आपदा राहत विभाग द्वारा प्रभावित किसानों को राहत सहायता के प्रतीकात्मक डेमो चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को सहायता प्रदान करना तथा कृषि कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग देना रहा। वहीं, कृषि विभाग द्वारा बीज मिनीकिट वितरण के माध्यम से किसानों को विभिन्न फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को शासन द्वारा संचालित कृषि एवं आपदा राहत संबंधी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सहायता के प्रति जागरूक किया गया। जनपद प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा किसानों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा जितेंद्र गौतम, तहसीलदार सदर गोण्डा मनीष कुमार, उपनिदेशक कृषि संतोष कुमार द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ श्री राजेश श्रीवास्तव सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।