गोण्डा - मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, गोण्डा में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाए जाने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किए जाने के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए जाने की निर्धारित अवधि अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान सभी अर्ह व्यक्तियों का नाम निर्वाचक नामावली में पंजीकृत कराया जाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का स्पष्ट उद्देश्य है कि प्रत्येक अर्ह नागरिक को मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर मिले और निर्वाचक नामावली पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन रहे।
जिलाधिकारी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से पात्र एवं छूटे हुए नागरिकों को चिह्नित कराएं तथा उनका फार्म-6 भरवाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिकों को जागरूक करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से पुनरीक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने पुनरीक्षण कार्य से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि निर्धारित प्रक्रिया एवं समयसीमा का पालन करते हुए प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से निर्वाचन संबंधी कार्यों में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पुनः स्पष्ट किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराना है। इसके लिए प्रशासन, निर्वाचन तंत्र एवं राजनीतिक दलों को मिलकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
No comments:
Post a Comment