Oct 7, 2026

CNG प्लांट के विरोध में उठी आवाज, ग्रामीणों ने सुरक्षा मानकों पर खड़े किए सवाल

 

गोण्डा  - जिले में प्रस्तावित CNG प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार सामने आ रहा है। बुधवार को शिकायतकर्ता अधिवक्ता सचिन कुमार सिंह के प्रार्थना पत्र को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी गोंडा द्वारा गठित टीम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास, गोंडा, पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी, अयोध्या सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान लेखपाल द्वारा स्थल की नाप-जोख कर प्लांट और आसपास के आबादी क्षेत्र की दूरी का जायजा लिया गया। अधिकारियों द्वारा मौके की स्थिति और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली गई।

वहीं, CNG प्लांट को लेकर मौके पर मौजूद ग्रामवासियों ने अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने प्लांट की स्थापना से भविष्य में होने वाले संभावित सुरक्षा एवं पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर सवाल उठाए और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्तियां रखीं।


इस दौरान शिकायतकर्ता अधिवक्ता सचिन कुमार सिंह,  ग्राम प्रधान दूदा उदयभान तिवारी सहित बड़ी संख्या में समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की कि प्लांट की स्थापना से पहले सुरक्षा मानकों, आबादी से दूरी तथा पर्यावरणीय प्रभावों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि जनहित और ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक मानकों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए। मौके पर अधिकारियों ने ग्रामीणों की बात सुनी और निरीक्षण के दौरान आवश्यक जानकारी दर्ज की।

No comments: