Oct 17, 2026

सरयू महाविद्यालय में राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज पर संगोष्ठी आयोजित, विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता के लिए किया गया प्रेरित


करनैलगंज/ गोण्डा  - माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर से संबद्ध सरयू महाविद्यालय, करनैलगंज में आज, 17 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना रहा।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. बी. सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में नवाचार और तकनीकी ज्ञान युवाओं की सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर समाज और देश की समस्याओं के समाधान के लिए नए विचार विकसित करने चाहिए। राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए प्रयोग करने तथा अपने विचारों को व्यावहारिक स्वरूप प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर देता है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की रचनात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।

संगोष्ठी में विद्यार्थियों को नए विचारों की पहचान करने, स्थानीय समस्याओं के समाधान खोजने, तकनीक का रचनात्मक उपयोग करने तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं को समझने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों के छोटे-छोटे नवाचारी प्रयास भविष्य में बड़े सामाजिक और आर्थिक बदलाव का आधार बन सकते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों को नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. शैलेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. मार्शल स्टालिन, डॉ. पवन कुमार मिश्रा, जगन्नाथ तिवारी, एस. पी. सिंह, ओ. पी. सिंह, शिव कुमार मौर्य,डॉ जावेद अहमद,प्रवेश कुमार,विजय यादव, बृजेश सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. संजय सिंह, राहुल श्रीवास्तव, विनोद पांडेय, आशीष सिंह,सहित अन्य महाविद्यालय कर्मियों, और छात्र एवं छात्राओं, एन सीसी के कैडेट्स की सहभागिता रही।

No comments: