गोण्डा - जिलाधिकारी के निर्देशानुसार बुधवार को तहसील तरबगंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एसडीआरएफ, राजस्व आपदा टीम तथा जिला आपदा विशेषज्ञ की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। टीम ने बाढ़ प्रभावित ग्राम ऐलीपरसौली, बाबूपुरवा, गोड़ियन पुरवा आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके पर उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर बाढ़ की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति, ग्रामीणों के आवागमन, सुरक्षित आवास, पेयजल, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित परिस्थितियों के बारे में मौके से आवश्यक जानकारी संकलित की।
एसडीआरएफ टीम द्वारा ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई। साथ ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
राजस्व आपदा टीम एवं जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा भी ग्रामीणों को आपदा की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आवश्यकता होने पर प्रशासन को तत्काल अवगत कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस कठिन परिस्थिति में उनके साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और आवश्यकता के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों एवं आपदा टीमों को सतर्क रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक रूप से बाढ़ के पानी में प्रवेश न करें तथा बच्चों एवं बुजुर्गों की विशेष सुरक्षा सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment