Oct 24, 2026

डीएम-एसपी ने किया अग्निशमन केन्द्र मिहींपुरवा का निरीक्षण

 781 लाख रुपये की लागत से निर्मित केन्द्र को शीघ्र जनोपयोग में लाने के निर्देश

दूरस्थ क्षेत्रों में अग्नि घटनाओं से होने वाले नुकसान पर लगेगा अंकुश

बहराइच। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव एवं मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता के साथ 781 लाख रुपये की लागत से निर्मित अग्निशमन केन्द्र मिहींपुरवा का निरीक्षण किया। यह केन्द्र कार्यदायी संस्था सी.एण्ड डी.एस., उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), गोण्डा द्वारा निर्मित कराया गया है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशासनिक भवन, आवासीय एवं अनावासीय भवनों तथा केन्द्र में विकसित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भवन के हस्तांतरण की कार्यवाही तत्काल पूर्ण कर अग्निशमन केन्द्र को जनोपयोग में लाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि वन क्षेत्र के निकट स्थापित अग्निशमन केन्द्र जनपद के दूरस्थ इलाकों में रहने वाले नागरिकों को अग्नि से सुरक्षा प्रदान करेगा। इससे अग्निकांड के कारण होने वाले जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकेगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ करने की है, ताकि आगजनी की घटनाओं में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा सके। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।निरीक्षण के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा, क्षेत्राधिकारी अग्निशमन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments: