Sep 28, 2026

कब्रिस्तान व पोलिंग बूथ तक पहुंचना दुश्वार,कच्चे रास्ते से ग्रामीण परेशान, कैसरगंज सांसद से पक्की सड़क की मांग


करनैलगंज /गोण्डा - स्थानीय तहसील क्षेत्र के करनैलगंज विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कचनापुर के मजरा बसुहा में कच्चे मार्ग की बदहाली से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। इससे आहत और नाराज ग्रामीणों ने सांसद कैसरगंज को प्रार्थना-पत्र देकर पक्की सड़क बनवाने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार अयोध्या कश्यप के घर से प्राथमिक विद्यालय बसुहा व कब्रिस्तान/श्मशान घाट तक जाने वाला कच्चा मार्ग ही एकमात्र रास्ता है। यही रास्ता कब्रिस्तान, श्मशान घाट, करबला और पोलिंग बूथ (मतदान केंद्र) तक जाता है।
 ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में इस कच्चे रास्ते पर कीचड़ और जलभराव हो जाता है। इस दौरान अंतिम संस्कार, जनाजे और मतदान के दिन तो लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। सांसद को लिखे गए पत्र अवगत कराया गया है कि स्थिति यह है कि प्राथमिक विद्यालय बसुहा के अध्यापक-अध्यापिका भी अपनी गाड़ी अयोध्या कश्यप के घर के पास से 1.5 किमी पहले ही खड़ी कर देते हैं और कीचड़ में पैदल ही स्कूल आते-जाते हैं। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है।
कैसरगंज सांसद को दिए गए पत्र में ग्रामीणों ने मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण/सर्वेक्षण कराकर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, जिससे ग्रामवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।

सांसद के नाम लिखे गए पत्र पर गांव के पूर्व प्रधान फरियाद, महंत लाल पाल, राम प्रसाद, अहमद प्रधान, प्रेम पाल, सीताराम गौतम, महंत गौतम, कौशल पाल, मो० शमी एडवोकेट, टड़कू सिंह, राम नारायण, बलजीत सिंह, अयोध्या कश्यप, धर्मेंद्र सिंह, इंद्रपाल शरीफ, जगपाल पाल, हिरन यादव सहित दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।


No comments: